उप गन्ना आयुक्त ने की शरद कालीन गन्ना बुवाई का निरीक्षण, किसानों को अगेती प्रजातियों की बुवाई की दी सलाह
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News ::
गोंडा: बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, कुंदरखी चीनी मिल परिक्षेत्र के करनैलगंज समिति के ग्राम बिशनपुर कला में शरद कालीन गन्ना बुवाई का शुभारंभ किया गया। उप गन्ना आयुक्त डॉ. आर.बी. राम और बजाज कुंदरखी चीनी मिल के यूनिट हेड पी.एन. सिंह की उपस्थिति में कृषक तहसीलदार सिंह और राम सिंह के प्लॉट में बुवाई का निरीक्षण हुआ।
इस अवसर पर डॉ. आर.बी. राम ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक क्षेत्र में अगेती प्रजातियों जैसे Co. 0118, 98014, 15023 और 14201 की बुवाई करने की अपील की, ताकि किसान और चीनी मिल दोनों को अधिक आर्थिक लाभ हो सके।
वहीं, पी.एन. सिंह ने बताया कि बजाज चीनी मिल हमेशा से किसानों के हितों के प्रति समर्पित रही है। उन्होंने जानकारी दी कि पेराई सत्र 2024-25 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए चीनी मिल किसान समस्या समाधान केंद्र और कंट्रोल रूम की स्थापना करेगी, जिससे पेराई के दौरान समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।
इस कार्यक्रम में चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना ए.के. त्रिपाठी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी और दर्जनों किसान मौजूद रहे।



