पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, विचार गोष्ठी का आयोजन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा व विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी ने आधुनिक भारत की नींव रखने का कार्य किया। उन्होंने देश को आईआईटी, आईआईएम और इसरो जैसे संस्थानों की सौगात दी, जो आज भारत की पहचान बन चुके हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने कहा कि जब देश स्वतंत्र हुआ, उस समय 33 करोड़ की आबादी को भोजन, शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था देना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे नेहरू जी ने कुशल नेतृत्व से पूरा किया। उन्होंने रोटी, कपड़ा और मकान के साथ एक समृद्ध राष्ट्र की नींव रखी।
शहर अध्यक्ष शाहिद अली कुरेशी, विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुभाष पांडे, शिव कुमार दूबे, सेवा दल के सैय्यद अब्दुल मुजीब, अफजल खान और चांद खान ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पंडित नेहरू के योगदानों को याद किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वाजिद अली, शकील अहमद, सौरभ सिंह, अरविंद शुक्ला, मोबिलाल, वसीम सिद्दीकी, जानकी देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन “नेहरू अमर रहें” के नारों के साथ हुआ।



