प्रशासन में बड़ा फेरबदल, कई एसडीएम और तहसीलदार के हुए तबादले
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। जिले में प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) और तहसीलदारों के तबादले किए गए हैं। इस आदेश के तहत उपजिलाधिकारी सदर गोंडा अवनीश त्रिपाठी को उपजिलाधिकारी मनकापुर बनाया गया है, जबकि राजीव मोहन सक्सेना, जो अपर उपजिलाधिकारी (प्रथम) गोंडा थे, अब उपजिलाधिकारी तरबगंज होंगे। इसी क्रम में अशोक कुमार गुप्ता, जो अब तक अपर उपजिलाधिकारी (द्वितीय) गोंडा व उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मनकापुर के पद पर थे, उन्हें उपजिलाधिकारी सदर गोंडा नियुक्त किया गया है। विशाल कुमार, जो अब तक उपजिलाधिकारी तरबगंज के रूप में कार्यरत थे, उन्हें अपर उपजिलाधिकारी (द्वितीय) गोंडा बनाया गया है। साथ ही, वे उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मनकापुर का कार्यभार भी संभालेंगे। वहीं, उपजिलाधिकारी मनकापुर यशवंत कुमार को अब अपर उपजिलाधिकारी (प्रथम) गोंडा बनाया गया है। तहसील प्रशासन में भी फेरबदल किया गया है। मनीष कुमार, जो तहसीलदार करनैलगंज के पद पर कार्यरत थे, अब तहसीलदार गोंडा बनाए गए हैं। इसके साथ ही, उन्हें तहसीलदार (न्यायिक), गोंडा का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वहीं अल्पिका वर्मा को नवप्रोन्नत तहसीलदार करनैलगंज बनाया गया है।



