**शिक्षिका प्राची यादव को नेशनल बिल्डर्स अवार्ड से सम्मानित**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा: प्राची यादव, जो न केवल एक समर्पित शिक्षिका हैं बल्कि महिला सशक्तीकरण की मिसाल भी हैं, आज नेशनल बिल्डर्स अवार्ड से सम्मानित की जाएंगी। एसआरजी विज्ञान के रूप में कार्यरत प्राची यादव बेटियों को पढ़ाई-लिखाई के लिए प्रेरित कर समाज को दिशा दे रही हैं।
प्राची यादव ने गोंडा जिले में सहायक अध्यापक के रूप में पिछले सात वर्षों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्ष 2023 में उन्हें एसआरजी विज्ञान के रूप में चयनित किया गया, जिसके बाद उत्तर प्रदेश के शीर्ष 20 एसआरजी में भी उनका चयन हुआ। वर्तमान में वे कंटेंट डिवेलपर के रूप में भी कार्यरत हैं और शिक्षा विभाग की पत्रिका ‘सीखने के प्रतिफल’ में उनका योगदान उल्लेखनीय है।
प्राची न केवल एक शिक्षिका हैं, बल्कि समाज सेविका भी हैं। उनके प्रयासों से जिले में कई अनाथ बच्चों को स्कूल पहुंचाया गया। वर्ष 2023 में उन्हें गोंडा की उत्कृष्ट शिक्षिका का सम्मान मिला और इस वर्ष उन्हें बेस्ट इनोवेटिव टीचर अवॉर्ड से नवाजा गया है।
प्राची यादव समाज में शिक्षा और सेवा के माध्यम से एक सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।



