गोंडा में 15 जून से मक्का की खरीद शुरू, ₹2225 प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
जनपद में पांच क्रय केंद्रों पर पंजीकृत किसानों से होगी खरीद, भुगतान PFMS के जरिए सीधे खातों में
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा, 15 जून 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के अंतर्गत जनपद गोंडा में पहली बार रबी फसल के रूप में मक्का की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹2225 प्रति क्विंटल पर शुरू हो गई है। यह खरीद 15 जून से 31 जुलाई 2025 तक संचालित होगी। जिला प्रशासन की देखरेख में खाद्य एवं रसद विभाग ने मक्का की खरीद के लिए जनपद में पांच क्रय केंद्र स्थापित किए हैं, जहां प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक किसानों से मक्का की तौल की जाएगी।

खरीद केवल उन्हीं किसानों से की जाएगी, जिन्होंने fcs.up.gov.in पोर्टल या UP Kisan Mitra मोबाइल ऐप पर अपना पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के दौरान ओटीपी आधारित मोबाइल सत्यापन अनिवार्य किया गया है।

जिले के पांच मक्का क्रय केंद्र इस प्रकार हैं:
  • गोंडा मंडी, तहसील गोंडा, ब्लॉक झंझरी
  • पंडरी कृपाल एट गोंडा मंडी, तहसील गोंडा, ब्लॉक पंडरी कृपाल
  • मुजेहना एट गोंडा मंडी, तहसील गोंडा, ब्लॉक मुजेहना
  • नवाबगंज मंडी, तहसील तरबगंज, ब्लॉक नवाबगंज
  • करनैलगंज मंडी, तहसील करनैलगंज, ब्लॉक करनैलगंज

इन केंद्रों पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। केंद्रों की स्थापना पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की गई है। किसानों को एमएसपी का लाभ PFMS (Public Financial Management System) के माध्यम से सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में प्रदान किया जाएगा।

प्रशासन की तैयारियां पूरी

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जानकारी दी कि “जनपद के सभी मक्का क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है। किसानों से अपील है कि वे समय पर केंद्रों पर पहुंचें और मक्का विक्रय की प्रक्रिया पूर्ण करें।”

जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि “सभी पांचों केंद्रों पर मापतौल, ढुलाई, छाया, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की गई है। किसानों को ‘UP किसान मित्र’ ऐप के माध्यम से पंजीकरण, भुगतान और खरीद की जानकारी मिलती रहेगी।”

संभागीय खाद्य नियंत्रक देवीपाटन मंडल ने निर्देशित किया है कि “हर क्रय केंद्र पर आकर्षक बैनर, वाल पेंटिंग और सूचना सामग्री के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाए। बैनर में मक्का भुट्टा और किसान की तस्वीर पृष्ठभूमि में हो, साथ ही केंद्र की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित हो।”

प्रमुख शर्तें और सुविधा:

  • मक्का केवल पंजीकृत किसानों से ही खरीदी जाएगी।
  • किसान का बैंक खाता आधार से लिंक और NPCI पर मैप्ड होना अनिवार्य है।
  • भुगतान केवल PFMS प्रणाली से किया जाएगा।
  • नॉमिनी की व्यवस्था भी लागू की गई है।
  • सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 या क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

(रिपोर्ट: प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *