अटल तिराहा बना कूड़ाघर: वार्ड 4 में नगर पालिका की लापरवाही से बढ़ी दुर्गंध, राहगीर परेशान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। नगर पालिका परिषद की लापरवाही एक बार फिर लोगों के लिए मुसीबत बनकर सामने आई है। वार्ड नंबर 4 महारानीगंज स्थित अटल तिराहा इन दिनों कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। यहां प्रतिदिन नगर पालिका के सफाई कर्मी इलाके का कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे सड़क से गुजरना लोगों के लिए दुश्वार हो गया है। चारों ओर फैली बदबू और गंदगी से राहगीर नाक पर रूमाल रखकर गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान रिहायशी इलाका है, लेकिन इसके बावजूद सफाई कर्मी नियमित रूप से यहां कूड़ा डंप कर रहे हैं। नतीजा यह है कि आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के चलते बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं खासे परेशान हैं।
इलाके के लोगों ने इस गंभीर समस्या को लेकर डीएम, नगर मजिस्ट्रेट और नगरपालिका प्रशासन को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर अब लोगों ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को ट्वीट कर दी है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
नगर पालिका की इस उदासीनता पर सवाल उठाते हुए लोगों ने पूछा है कि क्या शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने का दावा करने वाला प्रशासन अब खुले में कूड़ा फेंकना ही समाधान मान बैठा है?



