अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गोंडा कांग्रेस कार्यालय में महिला नेत्रियों का हुआ सम्मान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र के नेतृत्व में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समाजसेवा और राजनीतिक क्षेत्र में योगदान देने वाली महिला नेत्रियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सिविल बार एसोसिएशन की उपाध्यक्ष श्रीमती संतोष ओझा और महिला कांग्रेस नेता जानकी देवी को साल और बुके देकर सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महिलाओं के योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने कहा कि भारत की संस्कृति में सदियों से महिलाओं का पूजनीय स्थान रहा है। उन्होंने 1857 की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, महात्मा गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली कस्तूरबा गांधी, देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, प्रथम महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला और सेवा को समर्पित मदर टेरेसा जैसी महान विभूतियों को याद किया।
उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। चाहे वह फाइटर प्लेन उड़ाने की बात हो या देश की सुरक्षा में अग्रिम मोर्चे पर तैनात रहने की, हर जगह महिलाएं अपनी काबिलियत साबित कर रही हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें विनय त्रिपाठी, अविनाश मिश्रा, सभासद शाहिद अली कुरेशी, वाजिद अली, अरविंद शुक्ला, राजू सेवादल, तैय्यब, विनोद कुमार सहित कई कांग्रेसजन शामिल थे। सभी ने मातृशक्ति को नमन करते हुए उनके योगदान को सराहा और समाज में महिलाओं की सशक्त भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।



