विश्व आद्र भूमि दिवस पर पार्वती अरगा पक्षी विहार में आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
तैयारियों का जायजा लेने डीएम, एसपी और सीडीओ समेत आलाधिकारियों की मौजूदगी कार्यक्रम स्थल पर घटों बनी रही
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र स्थित पार्वती अरगा पक्षी विहार में विश्व आद्र भूमि दिवस 2 फरवरी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी नेहा शर्मा, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो सके। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठने की व्यवस्था और विभिन्न विभागों के स्टालों की तैयारियों का जायजा लिया।
कार्यक्रम स्थल पर महिला स्वयं सहायता समूह, बाल विकास विभाग समेत विभिन्न सरकारी विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। इन स्टालों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। अफसरों ने इन तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह समेत कई अन्य मंत्री और उच्च अधिकारी भी शामिल होंगे। इनके स्वागत और सुरक्षा के मद्देनजर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
विश्व आद्र भूमि दिवस का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। पार्वती अरगा पक्षी विहार अपनी जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है और इस कार्यक्रम के जरिए सरकार इसके संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराएगी। अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।



