जल है तो कल है की थीम पर प्राथमिक विद्यालय महेशपुर में मनाया गया विश्व जल दिवस
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :

गोंडा। शिक्षा क्षेत्र नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर में विश्व जल दिवस के अवसर पर बच्चों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान शिक्षिका कल्पना तिवारी ने बच्चों को जल स्रोतों की जानकारी दी और जल बचाने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसका संरक्षण बेहद आवश्यक है। यदि हमने अभी से जल बचाने के प्रयास नहीं किए तो भविष्य संकट में पड़ सकता है।
विद्यालय में जल दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में निधि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, संध्या अनुष्का ने द्वितीय स्थान तथा अनुष्का ने तृतीय स्थान हासिल किया। बच्चों ने जल संरक्षण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जल स्रोतों का मॉडल प्रस्तुत कर जल चक्र, बर्फ, हिम और ग्लेशियरों के महत्व को दर्शाया। बच्चों ने विभिन्न जल स्रोतों, जैसे नदियाँ, झीलें, तालाब और भूजल की जानकारी प्राप्त की।
शिक्षिका कल्पना तिवारी ने वर्ष 2025 के जल दिवस की थीम “ग्लेशियर संरक्षण” पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ग्लेशियर पृथ्वी के जल चक्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके पिघलने की दर में वृद्धि से जल संकट उत्पन्न हो सकता है, इसलिए हमें प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जागरूक रहना होगा। कार्यक्रम में शिक्षिका माधवी सिंह, अनिल प्रजापति, रिंकू यादव और पूनम यादव सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण का संकल्प लिया और बच्चों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *