गोण्डा: 56.34 करोड़ की लागत से बनेगा गोण्डा-बलरामपुर से गोण्डा-अयोध्या मार्ग को जोड़ने वाला बाईपास
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवा
ददाता
Gonda News
गोण्डा, 28 मार्च: जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बड़ी परियोजना को मंजूरी मिल गई है। उत्तर प्रदेश शासन ने गोण्डा-बलरामपुर मार्ग से गोण्डा-अयोध्या मार्ग को जोड़ने वाले बाईपास (लम्बाई 11.600 किमी) के निर्माण के लिए प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना की कुल लागत ₹56.34 करोड़ निर्धारित की गई है, जिसमें पांच वर्षों का अनुरक्षण खर्च भी शामिल है।
इस संबंध में संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह ने प्रमुख अभियन्ता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष, लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को आदेश जारी किया है। शासन द्वारा स्वीकृत बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस परियोजना पर ₹19.72 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
यातायात में मिलेगी राहत
इस बाईपास के निर्माण से गोण्डा शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही बलरामपुर, अयोध्या और आसपास के जिलों से आवागमन में लगने वाला समय भी घटेगा।
नए कार्यों को मिली स्वीकृति
शासन ने निर्देश दिया है कि शहरों में बाईपास, रिंग रोड और फ्लाईओवर जैसे नए निर्माण कार्यों को एकमुश्त व्यवस्था योजनान्तर्गत शामिल किया जाए, जिससे बुनियादी ढांचा मजबूत हो और नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
परियोजना की लागत और शर्तें:
- परियोजना की कुल स्वीकृत लागत: ₹56.34 करोड़
- वित्तीय वर्ष 2024-25 में व्यय: ₹19.72 करोड़
- अनुरक्षण अवधि: 5 वर्ष
इस परियोजना के पूरा होने से गोण्डा में यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और शहर का विकास भी तेजी से होगा।



