राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ध्वजारोहण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोण्डा, 2 अक्टूबर 2024: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रांगण में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के कार्यवाहक निदेशक प्रो. गोविन्द पाण्डेय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने राष्ट्रगान गाया और बापू के प्रिय भजनों ‘रघुपति राघव राजा राम’ एवं ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का सामूहिक गायन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व प्रो. गोविन्द पाण्डेय ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों महान नेताओं के स्वतंत्रता संग्राम और देश निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया और उनके विचारों पर चर्चा की। प्रो. पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए छात्रों एवं उपस्थित जनसमुदाय से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और उनके द्वारा दिए गए प्रेरणादायक नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति हमें हमेशा प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे शास्त्री जी की तरह जीवन में सच्चाई, सरलता और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाकर राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर प्रो. पाण्डेय ने गोण्डा के महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी को भी याद किया।

प्रो. पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की और कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था आज सर्वोत्तम स्थिति में है, जिसके चलते देशभर में उत्तर प्रदेश मॉडल की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल अन्य राज्यों द्वारा भी अपनाया जा रहा है।

प्रो. पाण्डेय ने विश्वमंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत सदियों से विश्वगुरु रहा है और आज भी अपनी गरिमा को बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में कोई भी बड़ा निर्णय भारत की भागीदारी के बिना संभव नहीं है, और पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।

अपने सम्बोधन के अंत में प्रो. पाण्डेय ने यह घोषणा की कि आगामी सेमेस्टर से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गोण्डा की कक्षाएं गोण्डा स्थित परिसर से ही संचालित की जाएंगी। उन्होंने कॉलेज की तेजी से हो रही प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कॉलेज निकट भविष्य में प्रदेश और देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में शुमार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध गतिविधियां अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. गोविन्द पाण्डेय और कार्यदायी संस्था के स्थानिक अभियंता गणेश कुमार गुप्ता द्वारा कॉलेज के प्रशासनिक भवन के प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया।

इस अवसर पर कार्यदायी संस्था सी एण्ड डीएस के स्थानिक अभियंता गणेश कुमार गुप्ता, राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य इं. प्रमथेश सहाय, साइट इंजीनियर सत्य प्रकाश सहित बड़ी संख्या में कार्यदायी संस्था के कर्मचारी, श्रमिक और उनके परिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान्न वितरण के साथ हुआ।

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कार्यक्रम हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *