प्रदीप मिश्रा वरिष्ठ संवाददाता
विश्वविद्यालय के लिए पुरातन छात्र संगठन ने निकाली महारैली
– अदम गोंडवी मैदान से भारी संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र- छात्राएं, छात्र नेता व आमजन रहे मौजूद
– छात्र छात्राओं ने किया जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव, एडीएम को ज्ञापन सौंप कर मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय बनाने की उठाई मांग
गोंडा। मंडल मुख्यालय के ग्राम पंचायत डोमाकल्पी में विश्वविद्यालय की स्थापना कराये जाने को लेकर आंदोलन दिन प्रतिदिन तेज होता जा रहा है। अब तक अवध केसरी सेना की ओर से गांधी पार्क में विश्वविद्यालय को लेकर अनशन किया जा रहा था, जिसे जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद शुक्रवार को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। इसी क्रम में पुरातन छात्र संगठन की ओर से पूर्व में घोषित की गई महारैली का शनिवार को आयोजन किया गया। अदम गोण्डवी मैदान से हजारों की संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र- छात्राओं ने हाथ में ‘गोंडा मांगे विश्वविद्यालय’ के बैनर व तख्तियां लेकर ‘हमारा हक है विश्वविद्यालय’ ‘गोंडा मांगे विश्वविद्यालय’ का नारा लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय की स्थापना कराए जाने की मांग की। हजारों छात्र- छात्राओं के एक साथ कलेक्ट्रेट पहुंचने से जिलाधिकारी कार्यालय पर भारी गहमा गहमी की स्थिति पैदा हो गई। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी श्री सोनी, सिटी मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अजय कुमार गुप्ता के साथ ही अन्य अधिकारियों ने छात्र संघ के पदाधिकारी से बात की और संगठन की मांग को शासन को भेजने का आश्वासन दिया।
इनसेट
इन विद्यालय के बच्चों ने भरी हुंकार
गोण्डा। मंडल मुख्यालय पर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए शनिवार को पुरातन छात्र संगठन की ओर से निकाली गई महा रैली में शहर के आधा दर्जन से अधिक इंटर कॉलेज के छात्र- छात्राओं ने पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया। पूरे रास्ते छात्राओं ने ‘गोंडा मांगे विश्वविद्यालय’ की आवाज को बुलंद किया। रैली में एम्स इंटर कॉलेज, गीता इंटरनेशनल स्कूल, श्री राम पब्लिक स्कूल, एपीएस ग्लोब स्कूल, सुवन्स मिलेनियम स्कूल, शिवा कंपटीशन हब, कौटिल्य स्टडी सर्किल, सनबीम स्कूल आदि का विशेष योगदान रहा। महारैली में एम्स इंटर कॉलेज कॉलेज के प्रबंधक अभय श्रीवास्तव ने विशेष भूमिका निभाई। इसी के साथ रितेश अग्रवाल, रवि रस्तोगी, अजय सिंह, अजय पाठक, सत्यवान सिंह आदि विद्यालय व कोचिंग प्रबंधकों के प्रयास से रैली में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
इनसेट
पूर्व छात्र नेताओं ने महारैली में भरा जोश
गोण्डा। गोंडा मांगे विश्वविद्यालय महारैली में श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के पूर्व छात्र नेताओं ने जोश भर दिया। रैली का आयोजन छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सुबोध चंद्र मिश्र ‘मैन’ की ओर से किया गया था। जिसमें पूर्व अध्यक्ष अभय सिंह, रामकुमार शुक्ला ‘ विद्यार्थी’, अमरदीप तिवारी, राम सबूरे मिश्रा, उमेश शुक्ला, शैलेंद्र मिश्रा, मनीष शुक्ला, राजेश दीक्षित, अरविंद मिश्रा, विपिन सिंह, बबलू बाबा, रामू सिंह, जितेंद्र नाथ सप्पू, पंकज पांडेय, अजय मिश्र अज्जू डॉ अरुण कुमार सिंह, अरविन्द पाण्डेय, अविनाश सिंह, राजीव कुमार सिंह, व्यापार मंडल से भूपेंद्र आर्य, जसपाल सलूजा, हामिद अली रायनी, राजेन्द्र, शनी सोनी, शिव कुमार सहित दर्जनों छात्र नेता शामिल रहे।



