**उत्तर प्रदेश पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ ने अवैध चुनाव को किया निरस्त, अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा: उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जनपद शाखा गोंडा के अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने विकास खंड पदरी कृपाल में हो रहे फर्जी चुनाव को अवैध घोषित किया है। तिवारी ने स्पष्ट किया कि संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने इस चुनाव की कोई अनुमति नहीं दी थी, और यह पूरी प्रक्रिया जिला संगठन की जानकारी और सहमति के बिना की जा रही है।
संघ ने इस अवैध चुनाव को संघ को कमजोर करने का प्रयास बताते हुए अभिमन्यु सफाई कर्मचारी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। संघ ने कहा कि इस संदर्भ में अभिमन्यु को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा, जिसमें उनसे यह पूछा जाएगा कि उन्होंने किस संविधान के तहत यह चुनाव कराया। यदि सही समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो उनके खिलाफ संघ के नियमों के अनुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें उनकी सदस्यता समाप्त कर उन्हें संघ से निष्कासित किया जा सकता है।
तिवारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास खंड पंडरी कृपाल की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग नहीं किया गया है और वे पूर्व की भांति कार्य करते रहेंगे। संघ के संविधान के अनुसार, जब तक नया चुनाव घोषित नहीं होता, मौजूदा कार्यकारिणी का कार्य जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संघ का अध्यक्ष अनुपस्थित रहता है, तो संघ संबंधी कार्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष द्वारा संपन्न किया जाएगा।
संघ जल्द ही ब्लॉक कार्यकारिणी के नए चुनाव की तिथि की घोषणा करेगा, ताकि संगठन को मजबूती से चलाया जा सके और सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा हो सके।



