शिक्षा के साथ स्वास्थ्य की जानकारी बच्चों को बनाती है सशक्त*
*कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पंडरीकृपाल में जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन*
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
*गोण्डा ।
पंडरीकृपाल स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत आठवें दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं को महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और व्यक्तिगत साफ-सफाई से जुड़ी जानकारियां दी गईं। साथ ही आत्मरक्षा और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसेकृमहिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 व 108 के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बच्चों को इन सेवाओं का सही समय पर उपयोग करने और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि महिला और किशोरी स्वास्थ्य को लेकर जागरूक होना समाज की प्रगति का आधार है। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी बच्चों को सशक्त बनाती है। जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने कहा कि बालिकाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए। आत्मनिर्भरता और जागरूकता ही सशक्तिकरण का मार्ग है। वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को त्वरित मदद पहुँचाना है, इसलिए सभी को इनका ज्ञान होना जरूरी है। कार्यक्रम में विशेष रूप से किशोरियों एवं महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम पर बल दिया गया। एनीमिया के लक्षण, इसके दुष्प्रभाव तथा आयरन युक्त संतुलित आहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन निशा श्रीवास्तव तथा शिक्षिकाएँ नीलम वर्मा, विनीता त्रिपाठी, प्रीती वर्मा, अंजू दूबे, वंदना सिंह, रूबी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।



