देवीपाटन मंडल की विभिन्न आसवनियों का निरीक्षण, स्टॉक का सत्यापन एवं नमूने लिए गए
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा, 22 फरवरी 2025: शासन के निर्देश पर शनिवार को देवीपाटन मंडल की विभिन्न आसवनियों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार आलोक कुमार एवं उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन मंडल डॉ. आर.बी. राम के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान स्टार लाइट ब्रुकेम आसवानी नबाबगंज गोण्डा तथा मैज़ापुर आसवानी गोण्डा का गहन निरीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त, देवीपाटन मंडल की अन्य आसवनियों का औचक निरीक्षण उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार गोण्डा द्वारा गठित जांच दल द्वारा किया गया। मनकापुर आसवानी गोण्डा का निरीक्षण जिला आबकारी अधिकारी गोण्डा एवं जिला गन्ना अधिकारी गोण्डा ने किया, वहीं बभनान आसवानी गोण्डा का निरीक्षण सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-1 एवं जिला गन्ना अधिकारी गोण्डा ने संपन्न किया।
बहराइच जनपद की पारले एवं चिलवरिया आसवानी का निरीक्षण जिला आबकारी अधिकारी बहराइच तथा जिला गन्ना अधिकारी बहराइच द्वारा किया गया। इसी प्रकार, बलरामपुर जनपद की बलरामपुर आसवानी का निरीक्षण जिला आबकारी अधिकारी बलरामपुर तथा जिला गन्ना अधिकारी बलरामपुर द्वारा किया गया।
मैज़ापुर आसवानी निरीक्षण में महत्वपूर्ण उपस्थिति
मैज़ापुर आसवानी के निरीक्षण के दौरान उप आबकारी आयुक्त आलोक कुमार एवं उप गन्ना आयुक्त डॉ. आर.बी. राम के साथ सहायक आबकारी आयुक्त अखिलेश कुमार तिवारी, मैज़ापुर चीनी मिल के जी.एम. केन पी.के. चतुर्वेदी, उप महाप्रबंधक डिस्टलरी ओमेन्द्र पाल सिंह यादव, एवं मैनेजर सेल्स दिनेश मिश्रा उपस्थित रहे।
स्टॉक सत्यापन एवं परीक्षण हेतु नमूने लिए गए
निरीक्षण के दौरान एथेनॉल एवं डीनेचर्ड एब्सोल्यूट अल्कोहल के स्टॉक का सत्यापन किया गया एवं उनके नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु क्षेत्रीय प्रयोगशाला में भेजा गया। इसके अतिरिक्त, गन्ना जूस/सिरप के आधार पर उत्पादन की जांच की गई एवं अभिलेखीय और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया गया।



