मिशन शक्ति फेज-5: लैंगिक समानता, साइबर क्राइम और मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News :

गोंडा, मनकापुर। ब्लॉक मनकापुर के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा (बक्सरा आज्ञाराम) में गुरुवार को मिशन शक्ति फेज-5 के तृतीय चरण के तहत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लैंगिक समानता, साइबर क्राइम, मासिक धर्म संबंधी स्वच्छता और करियर काउंसलिंग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर छात्रों और आम जनता को जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद प्रमुख रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों के महत्व को समझाने का प्रयास किया गया। इसके अतिरिक्त, मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर भी बल दिया गया और साइबर क्राइम के प्रति सावधानी बरतने की जानकारी प्रदान की गई।

सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे पुलिस सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 102 और 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और 1090 महिला हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को प्रमुखता से प्रचारित किया गया। बालिकाओं ने नारे लगाकर मिशन शक्ति का संदेश पूरे क्षेत्र में फैलाया, जबकि पम्पलेट और वैनर के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाई गई।

इस आयोजन में चाइल्ड हेल्प लाइन परियोजना समन्वयक आशीष मिश्र, विधिक वन स्टॉप सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, सेवा प्राधिकरण की कंचन सिंह, सुपरवाइजर माखन लाल तिवारी, केस वर्कर देवमणि मिश्र और ऐक्शन ऐड से जिला समन्वयक विजय शुक्ल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कोतवाली मनकापुर से उपनिरीक्षक शुभांशु पाठक, महिला आरक्षी रोशनी त्रिवेदी, प्रतिभा सिंह, मुख्य आरक्षी विजय राजभर और कांस्टेबल भगवान प्रसाद शुक्ला ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य बलजीत सिंह कनोजिया, सहायक अध्यापक शताब्दी वर्मा, अरुण कुमार सिंह, पूनम वर्मा, सुरेश कुमार, शिक्षा मित्र अमर ज्योति शर्मा, देवेंद्र प्रताप सिंह, पूनम यादव और अनुराधा मिश्रा सहित अन्य अध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में 145 बालिकाओं और 160 बालकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों को आत्मसात किया और भविष्य में समाज में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण के संदेश को फैलाने का संकल्प लिया।

मिशन शक्ति फेज-5 का यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए एक जागरूकता अभियान था, बल्कि समाज के हर वर्ग को लैंगिक समानता और सुरक्षा के महत्व को समझाने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *