प्रो. गोविन्द पाण्डेय को मातृ शोक
प्रदीप मिश्रा, वरिष्ठ संवाददाता
Gonda News ::
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में आचार्य एवं सम्प्रति राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गोण्डा के का. निदेशक प्रो. गोविन्द पाण्डेय की माताजी श्रीमती इन्द्रमती देवी का आज हृदयगति रुक जाने के कारण निधन हो गया। वे विगत माह से ही संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के न्यूरोलॉजी वार्ड में भर्ती थीं। विगत दस दिनों पूर्व उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आ जाने के कारण आई. सी. यू. में वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां उनकी स्थिति गम्भीर बनी हुई थी। कल रात उन्होंने अन्तिम सांस ली। वे ८४ वर्ष की थीं।
वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ कर गई हैं। प्रो. गोविन्द पाण्डेय के अतिरिक्त उनके अनुज इं. सुभाष चन्द्र पाण्डेय भारतीय कौशल विकास सेवा के अधिकारी हैं और इस समय केन्द्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री के कार्यालय में उप निदेशक के पद पर तैनात हैं। जबकि उनके दूसरे अनुज अरविन्द पाण्डेय मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में कार्यरत हैं।
प्रो. पाण्डेय की माताजी के निधन से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी सहित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी शोक व्यक्त किया है। गोण्डा की जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा ने भी इसे परिवार की अपूर्णनीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु कामना की है।



