कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा पर शक्ति सदन में जागरूकता कार्यक्रम

शी-बॉक्स पोर्टल और लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम की दी गई जानकारी

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोण्डा। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शक्ति सदन, पोर्टरगंज में महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम एवं शी-बॉक्स पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि “लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला एक सशक्त कानून है। महिलाओं को किसी भी घटना को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि साहसपूर्वक अपनी शिकायत दर्ज करनी चाहिए।”

वहीं, जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने शी-बॉक्स पोर्टल की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म महिलाओं के लिए बेहद आसान और सुरक्षित है। यहां शिकायत दर्ज करने पर शिकायतकर्ता की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है।

कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, सखी निवास तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना है, इसलिए पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक इसका लाभ उठाना चाहिए।

इस मौके पर शक्ति सदन की अधीक्षिका प्रियंका सिंह, अनीता देवी, सुनीता जायसवाल, गीता, बब्लू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *