**गोंडा जिला अस्पताल के कर्मचारी डेंगू के खतरे से जूझ रहे, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। जिला अस्पताल के कर्मचारियों के लिए डेंगू का खतरा सिर पर मंडरा रहा है। अस्पताल परिसर में जल निकासी की समस्या और जगह-जगह भरे गंदे पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों के आवासों के सामने जलभराव की समस्या ने उनके परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
करीब 30 कर्मचारी और उनके परिवार इस गंभीर स्थिति का सामना कर रहे हैं। अस्पताल परिसर में नालियों की उचित सफाई और पानी निकासी की कमी के चलते जहरीले जंतु और मच्छरों का खतरा बढ़ गया है, जिससे डेंगू जैसी गंभीर बीमारी के फैलने की आशंका गहराती जा रही है।
अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे लंबे समय से प्रशासन से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यहां तक कि जिम्मेदार अधिकारियों का कार्यालय भी इसी परिसर में स्थित है, फिर भी उनकी समस्याओं की अनदेखी हो रही है।
कर्मचारी प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि डेंगू जैसी घातक बीमारियों से बचाव हो सके। जलभराव और गंदगी की इस समस्या को हल करने के लिए तत्काल कदम उठाना आवश्यक है, अन्यथा इसका खामियाजा न केवल कर्मचारियों को, बल्कि अस्पताल आने वाले मरीजों को भी भुगतना पड़ सकता है।



