गोंडा पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी, 19 फरवरी को मतदान, 21 फरवरी को मतगणना
गोंडा जिले में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा हुई है। प्रधान, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्यों के 66 रिक्त पदों के लिए चुनाव कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने 05 फरवरी 2025 को अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत एक ग्राम पंचायत में सामान्य चुनाव, जबकि पांच ग्राम पंचायतों में उपचुनाव होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 08 फरवरी 2025 तक चलेगी, जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 10 फरवरी 2025 को होगी। उम्मीदवार 11 फरवरी 2025 तक नाम वापस ले सकेंगे, और इसी दिन प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। मतदान 19 फरवरी 2025 को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 21 फरवरी 2025 को सुबह 8:00 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी।
बहादुरा ग्राम पंचायत में होगा सामान्य चुनाव, अन्य पांच पंचायतों में उपचुनाव
इस बार नबाबगंज के बहादुरा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए सामान्य चुनाव होगा, जबकि अन्य पांच ग्राम पंचायतों में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए उपचुनाव कराए जाएंगे। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं।
गोंडा के विभिन्न विकासखंडों में होंगे चुनाव
जिले के मुजेहना, रूपईडीह, इटियाथोक, झंझरी, कर्नलगंज, कटरा बाजार, परसपुर, हलधरमऊ, नवाबगंज, वजीरगंज, मनकापुर, बभनजोत और छपिया विकासखंडों में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे।
मुजेहना विकासखंड के बछईपुर, पुरे सिधारी, मिश्रौलिया और सुसगंवा ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य चुने जाएंगे, जबकि रूपईडीह के नौशहरा, उसरैना, हिन्दूनगर बांकी और बिनुहनी ग्राम पंचायतों में भी इसी पद के लिए चुनाव होंगे। इटियाथोक विकासखंड में कुकरिहा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए मतदान होगा, जबकि रूद्रापुर, विजयगढ़वा, विशुनपुर माफी, गोसेन्द्रपुर और बिहुरी ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वोटिंग होगी।
झंझरी विकासखंड के इमरती विशेन और कटरा शहबाजपुर ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए मतदान होगा, जबकि सरैया, कोनहटा, पूरे अंगद, पूरे अजब और रामगढ़ ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। कर्नलगंज विकासखंड के फत्तेपुर, बसेरिया, रुदौली, पूरे अंगद, बुढ़वलिया, शीशामऊ, काशीपुर और भगाहरिया पुरे मितई ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।
कटरा बाजार विकासखंड में चुर्रामुर्रा ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान होगा, जबकि परेटा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए चुनाव होगा। परसपुर विकासखंड में मरचौर वार्ड में क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव होगा, जबकि कपूरपुर और राजपुर ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य चुने जाएंगे।
हलधरमऊ विकासखंड में कलवारी, मलौना, भुलभुलैया और नगवा, नवाबगंज में तुलसीपुर मंक और विश्नोहरपुर, वजीरगंज में वजीरगंज और मदनापुर, मनकापुर में वीरेपुर, हड़हवा, बनघुसरा और नरहरपुर, बभनजोत में नाथपुर, बनगवां और औसानी बुजुर्ग, जबकि छपिया विकासखंड में उल्लहा और सोहिला ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान होगा।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन की सख्त तैयारियां
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। चुनाव से संबंधित सभी नियम उत्तर प्रदेश पंचायतराज (सदस्यों, प्रधानों और उपप्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 एवं उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत (सदस्यों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 के तहत लागू किए जाएंगे।
ग्राम पंचायतों में होगी मुनादी, 05 फरवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू
रिटर्निंग अधिकारी और खंड विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायतों में मुनादी कराई जाएगी, ताकि आम जनता को चुनाव की पूरी जानकारी मिल सके। सार्वजनिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत कार्यालयों के सूचना पट्टों पर भी यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा। 05 फरवरी 2025 से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होगी, जो संबंधित विकासखंड/क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर उपलब्ध होंगे। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा 21 फरवरी 2025 को कर दी जाएगी।
पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं और जनता को लुभाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इन चुनावों से गांवों में नेतृत्व परिवर्तन की नई दिशा तय होगी और स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलेगी।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय नारायण ने बताया कि चुनाव कराने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



