प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत सामग्री वितरित की
बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का भरोसा, पशुओं के लिए भी किया गया विशेष इंतजाम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
– प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन शुक्रवार को गोंडा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और वहां के हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
दौरे की शुरुआत करनैलगंज तहसील के नकहरा गांव में बाढ़ चौकी से हुई, जहां मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को सांत्वना दी और सरकार की ओर से सभी प्रकार की मदद मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद, उन्होंने तरबगंज तहसील के ब्यौदा माझा क्षेत्र का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री प्रदान की गई।
मंत्री ने अपने दौरे के दौरान कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए खाद्य सामग्री के अलावा हर प्रकार की आवश्यक सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, बाढ़ पीड़ितों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पशुओं के लिए पर्याप्त भूसे और चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिले के अधिकारी लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि किसी भी बाढ़ प्रभावित व्यक्ति को कोई कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के तहत बाढ़ पीड़ितों को पहले से कहीं अधिक राहत सामग्री प्रदान की जा रही है। लोगों को खाने-पीने की वस्तुओं के अलावा चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे बाढ़ प्रभावित इलाकों में डटे रहें और ज़रूरतमंदों को हर समय सहायता पहुंचाएं। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि किसी भी व्यक्ति को यदि चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता हो तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जाए और उसका समुचित इलाज कराया जाए।
मंत्री के दौरे के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायन पाण्डेय, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवालऔर भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सरकार की तरफ से यह स्पष्ट किया गया कि राहत कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति सामान्य होने तक राहत कार्य जारी रहेंगे, जिससे कि लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके और जनजीवन सामान्य हो सके।



