महर्षि विद्यालय में माजा अभियान के तहत सामूहिक दुर्गा चालीसा पाठ संपन्न
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
गोण्डा, 27 सितम्बर।
महर्षि विद्यालय समूह की इकाई महर्षि विद्या मंदिर, जानकी नगर गोंडा में शनिवार को महर्षि विश्व शांति आंदोलन के तत्वावधान में महर्षि जन जागरण अभियान (माजा) के तहत सामूहिक दुर्गा चालीसा पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि विद्यालय की परंपरा अनुसार गुरु-पूजा एवं गुरु-वंदना से हुई। इसके बाद विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं और कर्मचारी एकत्रित होकर श्रद्धा और उत्साह से सामूहिक दुर्गा चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम में मां दुर्गा की आरती भी सामूहिक रूप से गाई गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ अध्यापिका नलिनी वाजपेई, लतिका पाठक, अमिता पाल, वंदना सिंह, बबिता श्रीवास्तव, कोमल तिवारी सहित कई शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार मिश्रा ने मां दुर्गा की आरती बड़े ही सुर, लय और ताल के साथ कर वातावरण को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को माता रानी का प्रसाद वितरित किया गया और श्रद्धा-भाव के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।



