**शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को मिलेगा “निपुण भारत चैम्पियन पुरस्कार”, शासनादेश जारी**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘निपुण भारत मिशन’ के अंतर्गत बालवाटिका से कक्षा-2 तक के लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के उद्देश्य से “निपुण भारत चैम्पियन पुरस्कार” योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के उत्कृष्ट प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी शासनादेश संख्या-68-5099/205/2024 के अनुसार, निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए इस योजना की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रधानाध्यापकों के प्रदर्शन का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा और उनके श्रेष्ठ कार्यों को पहचानते हुए पुरस्कृत किया जाएगा।
शासनादेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि निपुण भारत मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और सभी संबंधितों को इसकी जानकारी दी जाए। यह योजना राज्य, जनपद और ब्लॉक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को सतत् रूप से प्रोत्साहित करने और मार्गदर्शन प्रदान करने का प्रयास करेगी, जिससे उनके प्रदर्शन में गुणात्मक सुधार हो सके।
यह कदम राज्य सरकार की शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



