—सोनौली मोहम्मदपुर में शिक्षक दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का हुआ सम्मान
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। राजकीय माध्यमिक विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय सोनौली मोहम्मदपुर के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। अभिनव प्रयास सामाजिक संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मेधावी बच्चों के साथ-साथ सेवानिवृत्त और सेवारत शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख बेलसर राजेन्द्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राजकीय शिक्षक अजीत सिंह व परिषदीय शिक्षक निरंकार सिंह की प्रेरणा से विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित प्रबुद्धजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के संयोजक साहित्यकार हीरा सिंह ‘मधुर’, संस्था के प्रमुख दयाराम शुक्ला तथा इंफोसिस, बेंगलुरु की इंजीनियर साधना ने मेधावी बच्चों को कॉपी सेट, पेन बॉक्स और मेडल देकर प्रोत्साहित किया। ब्लाक अध्यक्ष व जिला कोषाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं, इसलिए समाज व राष्ट्र को सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए। वहीं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक राजेश प्रताप सिंह ने वर्तमान समय की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों को मिलकर कार्य करने की जरूरत बताई।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी बेलसर आर.के. सिंह, माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, यूटा जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, महामंत्री हेमन्त तिवारी, प्रधान सुरेन्द्र प्रताप सिंह व जिला पंचायत सदस्य सी.पी. सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।
शिक्षक सम्मान की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए विधायक प्रेम नरायन पांडेय व ब्लाक प्रमुख गुड्डू सिंह ने इस वर्ष सेवानिवृत्त हो रहे गुरुजनों शिव शंकर उपाध्याय, धर्मराज सिंह, केश कुमार सिंह, धर्मवीर सिंह, सहदेव सिंह, दिलीप सिंह एवं डॉ. जया सिंह को प्रतीक चिन्ह, शॉल व पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मशहूर शायर याकूब सिद्दीकी की ग़ज़लों ने समां बांध दिया। संचालन प्रो. संत शरण त्रिपाठी ने किया। समारोह के सफल आयोजन में शिक्षकों अजीत सिंह, घनश्याम सिंह, सुनील विश्वकर्मा, अमित मिश्रा व निरंकार सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।



