भारतीय जनता पार्टी गोंडा द्वारा संविधान गौरव दिवस के लिए कार्यशाला आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
गोंडा।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर आगामी संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम एवं संगठन चुनाव को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष गोरखपुर एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं गोंडा-बहराइच के चुनाव पर्यवेक्षक शेषनाथ आचार्य ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अमरकिशोर कश्यप ने की।
कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला से पहले नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों एवं जिला प्रतिनिधियों का भव्य स्वागत किया गया।
चुनाव अधिकारी अशोक सिंह ने मंडल अध्यक्षों के निर्वाचन में सामाजिक समरसता का ध्यान रखे जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी के निष्ठावान एवं विचारवान कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित स्थान दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा द्वारा 11 से 25 जनवरी तक पूरे देश में संविधान गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा एवं महिला मोर्चा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यशाला में तय किया गया कि सभी मंडलों में 9 और 10 दिसंबर को कार्यशालाओं का आयोजन होगा। इसके अलावा 18 से 25 दिसंबर के बीच युवा मोर्चा एवं अनुसूचित मोर्चा द्वारा छात्रावासों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने हमेशा संविधान की रक्षा एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया है। बाबा साहेब के आदर्शों का पालन करना सरकार की प्राथमिकता रही है।
विशिष्ट अतिथि शेषनाथ आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि हमें अनुसूचित जाति के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध जनों को जोड़ना होगा। उन्होंने बताया कि हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान विषय पर विभिन्न संस्थाओं में गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में
चुनाव अधिकारी ने बताया कि 8 दिसंबर को भाजपा जिला अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन लिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हम सभी को आपसी सहमति एवं सामंजस्य बनाते हुए निर्वाचन में भाग लेना है। यह केवल भाजपा में संभव है कि एक साधारण बूथ अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।”
कार्यशाला में पूर्व जिला अध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, सूर्यनारायण तिवारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेश नारायण तिवारी, संदीप पांडे, नीरज मौर्य, दीपक गुप्ता, नंदकिशोर एवं राकेश तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यशाला में जिले के सभी वरिष्ठ भाजपा सदस्य, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



