**मैजापुर चीनी मिल में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोण्डा जिले के मैजापुर चीनी मिल परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंकिता जैन ने शिरकत की और अपने करकमलों से पौधारोपण किया। उनके साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस पहल में भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ शक्ति के प्रति सम्मान प्रकट करना था। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक से यह आह्वान किया गया कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा, “यह अभियान न केवल पर्यावरण को संरक्षित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह समाज को माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक सुंदर माध्यम है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए, जैसे हम अपनी मां की देखभाल करते हैं।”
इस अवसर पर चीनी मिल के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने पौधों की सुरक्षा और देखरेख को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



