शक्ति वंदन 2.0: गोंडा में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक पहल
शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा और अधिकारियों ने की समीक्षा
जिले की नौ महिलाओं को किया जाएगा सम्मानित
पिछले साल से अधिक संख्या में कन्याओं का पूजन, शहीदे आज़म सरदार भगत सिंह इण्टर कालेज के अलावा होगा कन्या पूजन का कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा जिले में इस वर्ष दुर्गा महाष्टमी विशेष रूप से महत्वपूर्ण होने जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा शक्ति वंदन 2.0 का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी थीम ‘शक्ति सारथी’ है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देना और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीएम नेहा शर्मा ने सीडीओ अंकिता जैन के साथ शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इण्टर कालेज मैदान में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। अफसरों के साथ उन्होंने पूरे कार्यक्रम की थीम पर चर्चा की। कार्यक्रम से जुड़े हर एक बिंदुओं पर उन्होंने अपने दिशा निर्देश दिए।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बढ़ायेगा ये कार्यक्रम
जिलाधिकारी नेहा शर्मा की नेतृत्व में, यह अनूठी पहल महिलाओं के सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से की जा रही है। 90% से अधिक महिलाएं ऑटो और ई-रिक्शा का उपयोग करती हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए 1000 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को ‘शक्ति सारथी’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये प्रशिक्षित चालक महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगे।
जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में इस बार भी होगा आयोजन और विकास प्रदर्शनी लगेगी
शक्ति वंदन 2.0 कार्यक्रम पूरी तरह से जीरो वेस्ट इवेंट होगा, जिसमें उत्पन्न होने वाले कचरे का सही निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, गोंडा जिले के विकास कार्यों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें जिले के प्रगतिशील बदलावों को दर्शाया जाएगा।
विकेंद्रीकृत कन्या पूजन की है इस बार अनूठी व्यवस्था
2023 में हुए सामूहिक कन्या पूजन के बाद इस बार प्रशासन ने इस परंपरा को विकेंद्रीकृत किया है। अब यह आयोजन परिषदीय स्कूलों में किया जाएगा और इन स्कूलों के कन्या पूजन को डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम स्थल पर लाइव दिखाया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान गोंडा जिले की 9 प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करके महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है।
शक्ति वंदन 2.0 न केवल महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण की भावना को और भी प्रबल करेगा, जिससे जिले का विकास और उन्नति के मार्ग पर अग्रसर होगा।



