*1000 ‘शक्ति सारथी’ को हरी झंडी दिखाकर गोण्डा ने रचा इतिहास*
*सीएम योगी के मार्गदर्शन में शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी के अवसर पर की गई ऐतिहासिक पहल*
*मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रदेश में पहली बार गोण्डा में “शक्ति सारथी” कार्यक्रम का किया गया आयोजन*
*पिंक कलर के 1000 ई-रिक्शा को किया गया रवाना, ई-रिक्शा को दिया गया है “शक्ति सारथी” का नाम*
*परिवहन के दौरान महिलाओं की पूर्ण सुरक्षा के लिए सभी ई-रिक्शा चालकों को किया गया है प्रशिक्षित*
*कार्यक्रम में 108 कन्याओं का किया गया पूजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 महिलाओं का भी हुआ सम्मान*
*जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को बनाया जीरो वेस्ट इवेंट, कचरे का किया गया समुचित निस्तारण
दुर्गा अष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक पहल
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोण्डा, 11 अक्टूबर:
शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति 5.0 के तहत “शक्ति सारथी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 1000 पिंक कलर के ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिन्हें “शक्ति सारथी” नाम दिया गया है। इन ई-रिक्शाओं का उपयोग 90% से अधिक महिलाएं करेंगी, और सुरक्षा की दृष्टि से सभी ई-रिक्शा चालकों को प्रशिक्षित किया गया है।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान पर कार्यक्रम का रहा खास जोर
गोण्डा की जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के परिवहन के दौरान उनकी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना है। “शक्ति सारथी” कार्यक्रम के तहत ई-रिक्शा चालकों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे यात्रा के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान कर सकें।
यह कदम विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होगा जो नियमित रूप से ऑटो और ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती हैं। इस पहल के अंतर्गत 1000 से अधिक चालकों को प्रशिक्षित किया गया है, और भविष्य में इसे और भी विस्तारित किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दिया गया सामाजिक संदेश
कार्यक्रम के दौरान नव अंशिका फाउंडेशन की नीशू त्यागी के संयोजन में महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई, जिसका नृत्य निर्देशन सुरभी सिंह द्वारा किया गया था। इसके अतिरिक्त नारी ज्ञानस्थली महिला महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका के माध्यम से मां कात्यायनी और मां कालरात्रि के अवतारों को मंच पर जीवंत किया गया। इस दौरान शिव के रुद्राष्टकम श्लोक पर कथक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें तांडव और लास्य दोनों के स्वरूप को दर्शाया गया।
जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित हुआ शक्ति वन्दन 2.0
गोण्डा जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर उत्पन्न कचरे का समुचित निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे में हुए सुधारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस पहल के माध्यम से गोण्डा जिला महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति अपने दायित्व को एक नए स्तर पर ले गया है।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य अतिथि भी हुए शामिल
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, सांसद गोंडा प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा शशि भूषण लाल सुशील की धर्मपत्नी गरिमा भूषण, पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल की धर्मपत्नी डॉ तन्वी जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, उप जिलाधिकारी गोंडा सदर अवनीश त्रिपाठी, अपर उपजिलाधिकारी विश्वामित्र, अपर उपजिलाधिकारी सुशील कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्रशेखर, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला प्रोवेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोंडा संजय कुमार मिश्र, ब्लॉक प्रमुख तरबगंज, ब्लॉक प्रमुख बेलसर, नगर पंचायत अध्यक्ष कटरा बाजार, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण पंचायती राज विभाग अभय प्रताप सिंह रमन, स्वच्छ भारत मिशन नगरी गोंडा नितेश राठौर, संदीप कुमार तिवारी सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
शक्ति वंदन 2.0: ‘नौ देवी सम्मान’ के तहत 9 महिलाओं का चयन
‘शक्ति वंदन 2.0’ के अंतर्गत नव देवी सम्मान की घोषणा की गई थी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ऐसी 9 महिलाओं का चयन हुआ जिन्होंने समाज, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में अपने योगदान से मिसाल कायम की है।
1. संगीत और डाक क्षेत्र: किरन सिंह, अधीक्षका, डाकघर, गोण्डा मण्डल।
2. प्रशासनिक क्षेत्र: रजिया बानो, औषधि निरीक्षक, गोण्डा।
3. शिक्षा क्षेत्र: रेखा शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर, एल.बी.एस. कॉलेज, गोण्डा।
4. पुलिस विभाग: रिया सिंह, महिला आरक्षी, कोतवाली नगर।
5. स्वास्थ्य विभाग: अनुराधा जायसवाल, कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर, मसौलिया करनैलगंज, गोण्डा।
6. ग्राम प्रधान: रंजना सिंह, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत चंगेरी, विकास खण्ड परसपुर।
7. उद्योग क्षेत्र: सीमा सोनी, सावित्री आटा लघु उद्योग, गोलागंज, गोण्डा।
8. खेलकूद: जिया सिंह, राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी और ब्लैक बेल्ट उपाधि प्राप्त, कोरिया द्वारा सम्मानित।
9. सफाई मित्र: रमा, सफाईकर्मी।
यह सम्मान समारोह महिलाओं की शक्ति, आत्मनिर्भरता और उनके द्वारा समाज में किए गए अद्वितीय योगदान का प्रतीक है। इन सभी महिलाओं को उनके साहस, परिश्रम और समाज सेवा के लिए सराहा जाएगा।
यह आयोजन 21वीं सदी की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज को प्रेरणा देता है और महिलाओं की उपलब्धियों को मान्यता प्रदान करता है।



