झील के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्य विकास अधिकारी की बैठक में विस्तृत कार्य योजना तैयार करने पर रहा
सीडीओ अंकिता जैन के इस कदम से बढ़ेगा वजीरगंज क्षेत्र का कद
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
वजीरगंज, 21 अक्टूबर 2024:
वजीरगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत वजीरगंज में स्थित ऐतिहासिक बारादरी के समीप स्थित झील का सौंदर्ययीकरण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 21 अक्टूबर सोमवार को किया गया। बैठक में जिला प्रशासन, श्रम एवं रोजगार विभाग, जिला पर्यटन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी वजीरगंज और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने झील के सौंदर्यकरण और पर्यटन विकास के उद्देश्य से अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान झील के सौंदर्यकरण की योजना को विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें झील के आसपास के क्षेत्र को पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एक व्यापक कार्य योजना तैयार करें, जिससे झील का सौंदर्यकरण कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि झील के सौंदर्यकरण से न केवल स्थानीय निवासियों को एक स्वच्छ और आकर्षक पर्यावरण मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
झील का सौंदर्यकरण योजना के अंतर्गत झील के पानी की सफाई, किनारे पर पौधारोपण, वॉकिंग ट्रैक का निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, बेंचों की स्थापना, और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए झील के आस-पास सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों को भी शामिल करने पर चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण पैदा करना है, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए एक बेहतर जीवन स्तर प्रदान करना भी है।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि परियोजना के तहत सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप होने चाहिए, ताकि यह परियोजना स्थायी और दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ सके। अधिकारियों को योजना को शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ किया जा सके। पर्यटन अधिकारी वंदना पांडे उपस्थित रहीं।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि परियोजना के विभिन्न पहलुओं को समय-समय पर समीक्षा किया जाएगा और प्रगति की निरंतर निगरानी की जाएगी।



