शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में स्व. ओमप्रकाश शर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में स्वर्गीय ओमप्रकाश शर्मा जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह ने की।
सभा की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि स्व. ओमप्रकाश शर्मा ने शिक्षकों के संघर्षों से उन्हें शून्य से शिखर तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने शिक्षकों के लिए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दिलाई। इन उपलब्धियों को संरक्षित रखना और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना संगठन का कर्तव्य है।
अजीत सिंह ने जानकारी दी कि आगामी 27 जनवरी 2025 को महाराजा देवी बख्श सिंह इंटर कॉलेज, बेलसर गोंडा में शैक्षिक गोष्ठी एवं देवीपाटन और अयोध्या मंडल का संयुक्त सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, नेता शिक्षक दल विधान परिषद ध्रुव कुमार त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री नरेंद्र वर्मा, और प्रदेश उपाध्यक्ष देव भास्कर तिवारी सहित कई गणमान्य नेता शामिल होंगे।
जिला मंत्री राधा मोहन पांडेय ने स्व. ओमप्रकाश शर्मा के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्षों और उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने शिक्षकों को पुरानी पेंशन, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 12, 18 और 21 को बहाल करने, समान कार्य समान वेतन आदि मांगों के लिए संघर्षरत रहने का आह्वान किया।
जिला उपाध्यक्ष अनुपम पांडेय ने कहा कि स्व. शर्मा जी ने समाज में शिक्षकों की एक अलग पहचान बनाई। डॉ. शिवानंद ने कहा कि उनकी नीतियां और आदर्श आज भी शिक्षकों को दिशा प्रदान करते हैं। संस्था के प्रधानाचार्य अवध शरण मिश्रा ने कहा कि स्व. शर्मा जी ने अपनी अंतिम सांस तक शिक्षकों के हितों के लिए काम किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गिरिजा मिश्रा, प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा, शैलेंद्र कुमार मिश्रा, बंसीलाल सरोज, भवानी शंकर मिश्र, परशुराम तिवारी, प्रियशंकर मिश्रा, सुनील तिवारी, अशोक कुमार, रघुनाथ द्विवेदी, लाल चंद्र चौधरी, बृजभूषण मिश्रा, अवनीश कुमार पांडेय, दीपक कुमार तिवारी, संदीप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार शुक्ला, और राधेश्याम सोनकर सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। सभा में शिक्षकों से आगामी सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाग लेने और संगठन को बल प्रदान करने की अपील की गई। सभा का समापन शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त कर किया गया।



