गोण्डा उपचुनाव: दो ग्राम प्रधानों और छह वार्ड सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय
खानपुर और इमरती विसेन में निर्विरोध प्रधान
एक क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए भी सिर्फ एक नामांकन
प्रधान पद के सिर्फ चार सीटों के लिए हो सकता है चुनाव, पर्चे की जांच और नाम वापसी के बाद साफ होगी स्थिति
जिले में प्रधान पद के 6,बीडीसी के एक और वार्ड मेंबर के 66 सीटों के लिए हो रहा है चुनाव, वार्ड मेंबर के 6 सीटों के लिए नहीं हुआ एक भी नामांकन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
गोण्डा। जिले के झंझरी और वजीरगंज ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में हो रहे प्रधान पद के उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। दोनों ही पंचायतों में प्रधान पद के लिए केवल एक-एक नामांकन दाखिल किया गया है। इसके साथ ही, रुपईडीह ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों में रिक्त छह वार्ड सदस्यों के पदों पर भी एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया है, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
वजीरगंज ब्लॉक के खानपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए गौरव सिंह ने एकमात्र नामांकन दाखिल किया है। इसी तरह, झंझरी ब्लॉक की इमरती विसेन ग्राम पंचायत में बीनू सिंह ने अकेले नामांकन किया है। इमरती विसेन में पूर्व प्रधान संतोष सिंह के 15 सितंबर 2024 को निधन के बाद यह पद रिक्त हुआ था।
रुपईडीह ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों में रिक्त छह वार्ड सदस्य पदों पर भी निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय है। मिश्रौलिया के वार्ड 63 से रामदुलारी, वार्ड 41 से जुगारा, नौशहरा से प्रेम नारायण, हिंदू नगर बाकी से गीत, उसरैना से विनोद कुमार शुक्ला और सुसगवा से लक्ष्मी देवी ने नामांकन दाखिल किया है।
एआरओ/एडीओ आईएसबी कृष्ण कुमार और एडीओ कृषि त्रिवेंद्र कुमार ने बताया कि खानपुर और वजीरगंज में केवल एक-एक नामांकन होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इसी तरह, झंझरी के आरओ मनोज कुमार और रुपईडीह के एआरओ मोहम्मद आजम खान ने बताया कि इन क्षेत्रों में भी केवल एक-एक नामांकन होने से सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *