अमर किशोर कश्यप लगातार तीसरी बार बने भाजपा जिलाध्यक्ष
भाजपा हाईकमान का भरोसा कायम, कार्यकर्ताओं में हर्ष
खेल और शिक्षा में भी शानदार उपलब्धियां, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोण्डा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर अमर किशोर कश्यप पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में चुनाव अधिकारी अशोक सिंह ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जेपीएस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच पर विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक गोंडा सदर प्रतीक भूषण सिंह, विधायक गौरा प्रभात कुमार वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता इकबाल बहादुर तिवारी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
अमर किशोर कश्यप अपनी ओजपूर्ण वक्तृत्व शैली और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है, जिससे पार्टी ने उन्हें तीसरी बार जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
बताते चलें कि अमर किशोर पिछड़ी जाति से आते हैं और 55 वर्ष के हैं। उन्होंने 15 अगस्त 2021 को पहली बार जिलाध्यक्ष पद संभाला था, इसके बाद 15 सितंबर 2023 को पुनः चुने गए और अब 2025 में तीसरी बार यह पद संभालने जा रहे हैं। अमर किशोर कश्यप न केवल एक कुशल राजनेता बल्कि एक बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने फुटबॉल में उत्तर प्रदेश और हॉकी में इंडियन यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया है। वह दो विषयों में परास्नातक और दो अलग-अलग ट्रेडों से आईटीआई डिप्लोमा भी कर चुके हैं।
उनकी सरलता, मृदुभाषिता और जनसंपर्क क्षमता ने उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया है।
जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया, सहकारी गन्ना विकास समिति गोण्डा के चेयरमैन भरत सिंह, और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। जिलाध्यक्ष की कुर्सी के लिए अमर किशोर कश्यप की यह लगातार तीसरी जीत बताती है कि वे संगठन में कितने मजबूत हैं और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का उन पर पूरा भरोसा है।



