21वीं सदी के भारत के स्वप्नदृष्टा राजीव गांधी का 81वां जन्मदिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री और 21वीं सदी के भारत के स्वप्नदृष्टा स्वर्गीय राजीव गांधी का 81वां जन्मदिवस बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुई। इसके उपरांत विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और दूरदर्शी सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिलाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने कहा कि कंप्यूटर क्रांति से लेकर नए पंचायती राज की स्थापना तक, राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि “राजीव गांधी जी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का जो सपना देखा, वह आज साकार रूप ले रहा है।”

पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्र ने नवोदय विद्यालयों की स्थापना को गरीब और पिछड़े बच्चों के लिए शिक्षा का क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि दलितों और पिछड़ों को आरक्षण दिलाना राजीव गांधी का ऐतिहासिक योगदान है।

सेवादल अध्यक्ष प्रद्युम्न शुक्ला ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मताधिकार देने के निर्णय को उनके युगांतकारी कदमों में गिनाया। शहर अध्यक्ष व सभासद शाहिद अली कुरेशी ने कहा कि “हर गांव और शहर में पेयजल के लिए लगे इंडिया मार्का-2 हैंडपंप और हर हाथ में मोबाइल फोन, आज भी राजीव गांधी की दूरदृष्टि की गवाही देते हैं।”

इस मौके पर पूर्व प्राचार्य बृजेश द्विवेदी, मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे, अल्पसंख्यक अध्यक्ष सगीर खान, सैयद अब्दुल मुजीब, पूर्व प्रत्याशी रमा कश्यप, केटी तिवारी, अरविंद शुक्ला, राजेश सिंह सहित अनेक नेताओं ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का कार्यकाल लोकतंत्र को मजबूत करने, तकनीकी विकास की दिशा में भारत को अग्रणी बनाने और सामाजिक समानता स्थापित करने का प्रतीक है।

कार्यक्रम में चांद खान, सैयद महबूब अहमद एडवोकेट, शहजादे मेवाती, अनिल कन्नौजिया, ब्लॉक अध्यक्ष हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, राजबहादुर सिंह, राकेश राणा, राम सिंह, सुरेश गौतम, शकील अहमद, कामेश्वरी प्रसाद मिश्र, विकाश सिंह गांधी, अजय श्रीवास्तव, सुनील दुबे, राम जनक वर्मा, गुरदास भारती, निर्मला देवी, कुसुम देवी, जानकी देवी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *