गोंडा की वंदना पटेल को मिला बड़ा सम्मान, राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा।
जनपद गोंडा के शिक्षा क्षेत्र नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर की प्रधानाध्यापिका वंदना पटेल को इस वर्ष राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। जिले से उनका नाम चयनित होने पर शिक्षा जगत में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नवाचारपूर्ण कार्यशैली के चलते वंदना पटेल ने विद्यालय को नई पहचान दिलाई है। बच्चों की रुचि के अनुसार पढ़ाई कराने, स्कूल को आकर्षक बनाने और नामांकन बढ़ाने में उन्होंने विशेष योगदान दिया है। यही कारण है कि शिक्षा विभाग ने उनके कार्य को सराहते हुए राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी ने वंदना पटेल के नाम चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह गोंडा जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वंदना पटेल ने शिक्षा के क्षेत्र में जो उल्लेखनीय कार्य किया है, वह अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।

इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारियों और जिले के विभिन्न शिक्षकों ने भी बधाई देते हुए कहा कि गोंडा के शिक्षकों की मेहनत और लगन अब राज्य स्तर पर भी पहचान बना रही है। वंदना पटेल का यह सम्मान आने वाले दिनों में जिले के अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करेगा। शिक्षा की रोशनी पहुंचाने के लक्ष्य के बीच गोंडा की एक बेटी का राज्य स्तर पर नामांकन होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *