एकल विद्यालय अभियान का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 56 आचार्यों ने लिया संकल्प

प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

गोंडा। बेलसर एमजी मैरिज लॉन में एकल विद्यालय अभियान के तहत 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह रहे। उन्होंने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रशिक्षण का उद्घाटन किया।

अजीत सिंह ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में एकल विद्यालय अभियान समाज निर्माण की अहम धुरी बनकर कार्य कर रहा है। यहां न केवल बच्चों को पठन-पाठन की शिक्षा दी जा रही है, बल्कि उन्हें संस्कारवान बनाने की दिशा में भी सार्थक प्रयास हो रहे हैं, जिसकी आज नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने का कार्य भी इस अभियान के माध्यम से सराहनीय ढंग से किया जा रहा है।

आंचल अभियान प्रमुख शिव प्रताप गुप्त ने बताया कि एकल विद्यालय अभियान ग्राम स्तर पर प्राथमिक शिक्षा, आरोग्य शिक्षा, ग्राम विकास शिक्षा, जागरण शिक्षा एवं संस्कार शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर आंचल प्रशिक्षण प्रमुख राजेश कुमार, आंचल गतिविधि प्रमुख निरंकार गोस्वामी, संच बेलसर अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह चित्तू, रंजन बाबा, अरविंद कुमार तिवारी और पंकज ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में 56 आचार्य-भाई-बहन शामिल हुए, जो आगामी 10 दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज में शिक्षा और संस्कार की अलख जगाने के लिए तैयार किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *