पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए गोंडा से भेजी गई बड़ी राहत
डीएम प्रियंका निरंजन के नेतृत्व में पाँच टन अनाज रवाना, वर्षा सिंह और सत्य सरोज फाउंडेशन ने निभाई अहम भूमिका
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से तबाही का आलम है। सैकड़ों गाँव जलमग्न हैं और प्रभावित परिवार भोजन व आवश्यक वस्तुओं के लिए तरस रहे हैं। इस संकट की घड़ी में गोंडा जनपद ने इंसानियत और सेवा की मिसाल पेश करते हुए पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के नेतृत्व में जिले की विभिन्न संस्थाओं और नागरिकों द्वारा जुटाई गई पाँच टन राहत सामग्री (अनाज) को रेलवे के माध्यम से पंजाब रवाना किया गया। डीएम ने बताया कि यह सामग्री शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचाई जाएगी ताकि जरूरतमंद परिवारों को तात्कालिक मदद मिल सके।
डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा, “संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों की सहायता करना हमारा नैतिक दायित्व है। यदि आगे और आवश्यकता होगी तो गोंडा की जनता और प्रशासन और अधिक सहयोग उपलब्ध कराएंगे।” उन्होंने पंजाब के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
इस राहत अभियान में श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज प्रबन्ध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह और सत्य सरोज फाउंडेशन की भूमिका बेहद अहम रही। वर्षा सिंह ने न केवल अनाज एकत्र करने में सक्रिय सहयोग दिया, बल्कि पूरी व्यवस्था को सुचारु बनाने में भी योगदान दिया। वहीं सत्य सरोज फाउंडेशन ने जरूरतमंदों की पीड़ा को समझते हुए अपने संसाधनों से राहत सामग्री जुटाने और पैकिंग व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रेलवे प्रशासन ने भी जिला प्रशासन के प्रयासों में विशेष सहयोग दिया। राहत सामग्री को तुरंत पार्सल के माध्यम से रवाना करने की व्यवस्था की गई, ताकि मदद में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन ने वर्षा सिंह और सत्य सरोज फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि गोंडा जनपद की यह सामूहिक पहल निश्चित ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।



