Gandhi Jayanti 2021:हर्षोल्लास के साथ मनाई गई महात्मा गांधी व शास्त्री जी की जयंती
Gondanews:राष्ट्र के दो महापुरूषों राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर सभी सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों तथा शैक्षिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्र की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए लोगों ने संकल्प लिया।
देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव द्वारा आयुक्त कार्यालय में तथा जिलाधिकारी मार्कण्डेेय शाही द्वारा कलेक्ट्रेट में राष्ट्रध्वज फहराया तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया।
आयुक्त कार्यालय में इस अवसर पर देवीपाटन मण्डल के आयुक्त एसवीएस रंगाराव द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन आदर्शों, उनकी देशभक्ति तथा राष्ट्र के लिए उनके द्वारा दिए गए योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी नेे सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को हथियार बनाकर आजादी की लड़ाई में अपना योगदान दिया। उन्होंने गांव को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और मूलभूत सुविधाएं विकसित करने हेतु ग्राम स्वराज की अवधारणा से देश की आत्मनिर्भरता के लिए सार्थक प्रयास किए जिसकी आज भी प्रासंगिकता है। देश की आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी का महत्वपूर्ण योगदान है।
आयुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास एवं सबका विश्वास के आधार पर सभी वर्गों की उन्नति, कल्याण व सर्वांगीण विकास हेतु कृत संकल्पित है। मंडल में स्वच्छता मिशन के अन्तर्गत शौचालयों एवं सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार द्वारा स्वरोजगार व स्वावलंबन के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए गए हैं ताकि समाज का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने शास्त्री जी के सादा जीवन उच्च विचार तथा देश के लिए किए गए योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज के दिन लिये गए संकल्प के अनुसार सभी लोग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर देश के विकास में अपना योगदान दें।
आयुक्त ने दोनों महापुरुषों के जयंती के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी केवल भारत तक ही सीमित नहीं थे बल्कि उनके आदर्श पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में गलतियां बता देने, उसे स्वीकार कर लेने, माफी मांग लेने तथा सत्य बोलने से सभी गलतियां वहीं समाप्त हो जाती हैं, और व्यक्ति को पूरी शांति मिलती है। उन्होंने भारत रत्न शास्त्री जी की सादगी और उनकी देश सेवा को भी स्मरण किया।
आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सहायक खाद्य आयुक्त श्री अजय जायसवाल तथा मंडलीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दीपक पटेल तथा पूर्व मंडलीय शासकीय अधिवक्ता श्री वेद प्रकाश श्रीवास्तव आदि लोगों ने संबोधित करते हुए दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। समारोह का सफल संचालन मंडलीय शासकीय अधिवक्ता श्री रामशंकर पांडे ने किया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में संकल्प दोहराने के पश्चात जिलाधिकारी ने कहा कि सत्य का प्रयोग करते हुए आग्रह पूर्वक कार्य करें। गांधी जी ने कभी कथनी करनी में अंतर नहीं रखा। आज हमारी अस्मिता लुप्त होती जा रही है। व्यक्ति जो दिखता है, वह होता नहीं, और जो होता है, वह दिखता नहीं। अतः हम मौलिक बनें। हम दूसरों से उसी समान पेश आएं, जैसा हम अपने लिए चाहते हैं। हम माइक पर उदात्त आदर्श की बात करते हैं किंतु जब क्रियान्वयन का समय आता है, तब भूल जाते हैं। सामाजिक नियंत्रण का ताना बाना भी कमजोर हो गया है। इसलिए अब कानून की ज्यादा जरूरत पड़ती है। बापू की ग्राम स्वराज की संकल्पना आज हमारे जीवन में हर जगह दृष्टिगोचर होती है। आज की पंचायत प्रणाली गांधी जी की ही देन है।
शास्त्री जी ने जय जवान जय किसान का नारा देकर सीमा सुरक्षा के साथ ही खाद्यान्न के मामले में निर्भर बनाने का काम किया। आज उन्हीं की बदौलत हम लगातार आत्मनिर्भर होते चले गए। स्वास्थ्य सेवाओं के मामलों में प्रदेश और देश ने उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कोरोना के प्रथम चरण में जांच की सुविधा नहीं थी। आज जिले में 3330 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता है। अकेले गोंडा जिले में एक लाख 26 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। आज जरूरत इस बात की है कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की दिशा में विशेष प्रयास किया जाय। लोगों में राष्ट्रीयता की भावना बलवती होनी चाहिए। दोनो महापुरुषों ने हमें जो रास्ता दिखाया है, उस पर हम आगे चलें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, सीआरओ जयनाथ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, मुख्य कोषाधिकारी शीमल चन्द्र वर्मा, कलेक्ट्रेट संघ के मंत्री संदीप तिवारी, लिपिक मकसूद अली सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा बापू के प्रिय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति की गई। आयुक्त व डीएम ने छात्राओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान पर अपर उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आनन्द श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नईम अहमद, न्याय सहायक चन्द्र प्रकाश मिश्र, नाजिर सुशील कुमार, ओएसडी शिवराज शुक्ला, सहित कलेक्ट्रेट अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट में जयंती समारोह के उपरांत जिलाधिकारी ने एडीएम व सीआरओ के साथ पौध रोपण भी किया।
आयुक्त कार्यालय सभागार में श्री रक्षा राम वर्मा, राम गोपाल तिवारी सहित अन्य अधिकारीगण व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।



