जिले में खरीफ विपणन सत्र 2024-25: मक्का और धान खरीद के लिए की जा रही है व्यापक तैयारियां
मक्का की खरीद 1 अक्टूबर से, धान की खरीद 1 नवंबर से होगी शुरू
डीएम ने बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के तहत इस बार जिले में मक्का और धान की खरीद की व्यापक योजनाएं बनाई गई हैं। डीएम नेहा शर्मा ने खरीद की तैयारियों को लेकर बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
खरीफ खरीद योजना के तहत धान और मक्के की खरीद की जानी है। मक्का की खरीद आगामी 1 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसके लिए 2250 रुपये प्रति कुंतल का दर निर्धारित किया गया है। वहीं धान की खरीद 1 नवंबर से प्रारंभ होकर 28 फरवरी तक चलेगी। धान के लिए सामान्य श्रेणी के तहत 2300 रुपये प्रति कुंतल की दर तय की गई है जबकि ए ग्रेड धान के लिए 2320 रुपये प्रति कुंतल का मूल्य निर्धारित किया गया है।
मक्का खरीद के लिए दो क्रय केंद्र बनाये गए
जिले में मक्का खरीदने के लिए इस बार दो क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह केंद्र कृषि उत्पादन मंडी समिति गोंडा और मंडी समिति नवाबगंज में स्थित होंगे। इससे पहले के सत्र में जिले में चार क्रय केंद्र बनाए गए थे, जो कि मंडी समिति गोंडा, नवाबगंज, करनैलगंज और बेलसर कस्बे में थे। इस बार केंद्रों की संख्या में कमी आई है, लेकिन अधिकारियों का दावा है कि खरीदी के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मक्का खरीद के केंद्र 1 अक्टूबर से अपना कार्य शुरू करेंगे और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
धान खरीद के लिए जिले में बने 96 क्रय केंद्र
धान की खरीद जिले में 1 नवंबर से शुरू होगी और यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक चलेगी। इस बार जिले में कुल 96 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जिनका संचालन 1 नवंबर से होगा। किसानों को अपने धान का उचित मूल्य मिल सके, इसके लिए उन्हें सामान्य धान का 2300 रुपये प्रति कुंतल और ए ग्रेड धान का 2320 रुपये प्रति कुंतल की दर से भुगतान किया जाएगा। जिले में इस बार धान की खरीद का लक्ष्य 10 लाख 2 हजार कुंतल यानी 1.02 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
चावल मिलों का सत्यापन और संबद्धता प्रक्रिया शुरू
सरकारी क्रय केंद्रों से खरीदे गए धान की कुटाई कर चावल तैयार करने के लिए चावल मिलों का सत्यापन कार्य तेजी से किया जा रहा है। खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी मिलों का भौतिक सत्यापन कर उनकी ऑनलाइन फीडिंग करेंगे। इस बार क्रय केंद्रों से चावल मिलों की संबद्धता लखनऊ मुख्यालय से की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि खरीदे गए धान से चावल उत्पादन मानकों के अनुरूप हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
किसानों को धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
किसानों को अपना धान बेचने के लिए पहले अपना पंजीकरण विभागीय वेबसाइट पर करना होगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने जानकारी दी कि शासन स्तर से धान और मक्का की खरीद की दरें पहले ही निर्धारित कर दी गई हैं। किसानों को धान और मक्का की बिक्री के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
डीएम नेहा शर्मा के नेतृत्व में हो रही खरीद की तैयारियां
जिले में धान और मक्का की खरीद की तैयारियां जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) नेहा शर्मा के निर्देशन में चल रही हैं। डीएम ने अब तक इस विषय में दो बैठकों का आयोजन कर लिया है, जिसमें उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी के निर्देशन में धान की खरीद एक नवम्बर से होगी। शासन स्तर से खरीद का रेट निर्धारित कर दिया गया है धान को 2300 रुपया प्रति कुंतल की दर से और मक्का 2250 रुपया प्रति कुंतल की दर से खरीदा जाएगा। किसानो को क्रय केंद्रों पर किसी भी तरह की असुविधा का सामना ना करना पड़े इसके लिए तैयारियां की जा रही है।
– प्रज्ञा मिश्रा, डिप्टी आरएमओ



