ठंड से बचाव के लिए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने किया रैन बसेरों और अलाव का निरीक्षण
बालपुर बाजार और कर्नलगंज में अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्था देखी, कंबल का वितरण किया और दिए आवश्यक दिशा निर्देश
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोंडा। सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जिले में ठंड से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने रविवार रात बस स्टेशन पर बने रैन बसेरे और बालपुर बाजार में अलाव जलाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कर्नलगंज नगर क्षेत्र पहुंचकर रैन बसेरों को देखा और राहगीरों और पात्र लोगों में कम्बल का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले बस स्टेशन पर बने रैन बसेरे का दौरा किया। उन्होंने वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। रैन बसेरे में साफ-सफाई, गर्म कंबल, और पीने के पानी की व्यवस्था की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि ठंड के मौसम में किसी भी व्यक्ति को रैन बसेरे में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि जरूरतमंदों को समय पर कंबल वितरित किए जाएं।
इसके बाद, जिलाधिकारी बालपुर बाजार पहुंचीं, जहां उन्होंने ठंड से बचाव के लिए जलाए जा रहे अलाव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि अलाव जलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में लकड़ी उपलब्ध है या नहीं। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी उनकी समस्याओं के बारे में पूछा और उन्हें ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठंड से प्रभावित लोगों के लिए हरसंभव राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर रैन बसेरों की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और रात के समय अलाव जलाने की व्यवस्था को लगातार जारी रखा जाए।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि प्रशासन ठंड से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर है। लोग ठण्ड से खुद का बचाव रखें।



