विश्व योग दिवस पर आर्यवीरों ने किए योग, महर्षि पतंजलि को किया गया नमन
लखनऊ में आर्य समाज द्वारा आयोजित 10 दिवसीय आवासीय शिविर के दूसरे दिन योग, आत्मरक्षा व यज्ञ कार्यक्रम सम्पन्न
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
लखनऊ, 21 जून 2025।
विश्व योग दिवस के अवसर पर आर्य समाज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महर्षि दयानंद संस्कृत संस्थान, मोती नगर लखनऊ में आर्य वीर दल उत्तर प्रदेश के मार्गदर्शन में आयोजित 10 दिवसीय आवासीय शिविर के द्वितीय दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। शिविर में लगभग 300 आर्यवीर, ब्रह्मचारी, युवा एवं आर्य समाज इंदिरा नगर सहित प्रदेश के विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारी व संन्यासी गण उपस्थित रहे।
आर्य वीर दल मध्य उत्तर प्रदेश के संचालक डॉ. विवेक आर्य के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में प्रातः योगाभ्यास, प्राणायाम, आत्मरक्षा की तकनीकें, जूडो-कराटे, लाठी, चाकू, भाला आदि का प्रशिक्षण दिया गया। प्रधान व्यायाम शिक्षक आचार्य कृष्णपाल आर्य तथा शिक्षक गोविंद आर्य, दिनेश आर्य, विकल्प आर्य, अतुल कुमार सिंह (जिला संचालक करनाल), शरद शुक्ला, हिमांशु गुप्ता, प्रेम कुमार आर्य, इं. कांति कुमार, डॉ. सत्यकाम आर्य सहित अनेक प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न शारीरिक कलाओं में दक्षता दिलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत योग के जनक महर्षि पतंजलि को नमन करते हुए की गई, जिनकी जन्मस्थली उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम कोडर मानी जाती है। इसके उपरांत पं. डोरी लाल की अगुवाई में यज्ञ सम्पन्न हुआ, जिसमें मुख्य यजमान रामेंद्र देव वर्मा सपत्नीक उपस्थित रहे। उन्होंने यज्ञ में आहुति देकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया और शिविर संचालन हेतु ₹10,000/- की धनराशि का दान भी किया।
इस अवसर पर आर्य वीर दल मध्य उत्तर प्रदेश के मंत्री शास्त्री विनोद आर्य ने सभी को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि पतंजलि ने अष्टांग योग के माध्यम से संसार को आध्यात्मिक व शारीरिक उन्नति का मार्ग दिखाया। उनके योग सूत्रों और आयुर्वेद ग्रंथों के योगदान को वैश्विक मान्यता दिलाने में स्वामी रामदेव व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके प्रयास से 177 देशों के समर्थन के साथ 21 जून को विश्व योग दिवस घोषित किया गया।
शास्त्री विनोद आर्य ने यह भी जानकारी दी कि 150 वर्ष पूर्व 1875 में स्थापित आर्य समाज की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 9 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली में आर्यों का महाकुंभ आयोजित होगा। उसी श्रृंखला में लखनऊ में यह भव्य शिविर चलाया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन 24 जून को उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर राजवीर सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन 29 जून को डीएवी डिग्री कॉलेज लखनऊ में दीक्षांत समारोह के साथ सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधान व्यायाम शिक्षक आचार्य कृष्णपाल, दिनेश आर्य, गोविंद आर्य और डॉ. सत्यकाम आर्य ने भारी संख्या में पहुंचे लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग, यज्ञ और आत्मरक्षा के इस संगम से सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार और अधिक सशक्त हुआ है।
संवाददाता – प्रदीप मिश्रा
(गोंडा से विशेष रिपोर्ट)



