**आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन ने ईसीसीई भर्ती प्रक्रिया का किया विरोध
9 सितंबर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेगा यूनियन
गांधी पार्क में बापू की प्रतिमा के सामने बैठक कर यूनियन के पदाधिकारियों ने बनाई रणनीति
*गोण्डा में आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन का बड़ा विरोध प्रदर्शन: निजीकरण और ईसीसीई भर्ती के खिलाफ गरजे पदाधिकारी**
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता

Gonda News

**गोण्डा, 1 सितंबर 2024:** आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश (सीटू) की गोण्डा कमेटी ने गांधी पार्क में एक अहम बैठक का आयोजन किया, जिसमें सरकार की नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया गया। बैठक की अध्यक्षता यूनियन की मंडल अध्यक्ष कॉमरेड रानीपाल ने की, और प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड मीनाक्षी खरे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहीं। बैठक में बाल विकास विभाग के निजीकरण और ईसीसीई (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) के तहत एजुकेटरों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए।

बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने बाल विकास विभाग को निजी हाथों में सौंपने की योजना की आशंका व्यक्त की और इसकी निंदा की। एटक प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बाल विकास विभाग का निजीकरण आम जनता के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि ईसीसीई एजूकेटरों की भर्ती प्रक्रिया विभाग को निजी हाथों में देने की तैयारियों की ओर इशारा कर रही है। आंगनवाड़ी कर्मचारियों के भविष्य को इससे खतरा बढ़ेगा।

सीटू प्रदेश उपाध्यक्ष कॉमरेड कौशलेंद्र पांडेय ने ईसीसीई के तहत चल रही एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया को अवैधानिक करार दिया। उन्होंने इस भर्ती को आंगनवाड़ी कर्मचारियों और सहायिकाओं को हटाने की एक साजिश बताया। उन्होंने घोषणा की कि इस विरोध को और तेज करते हुए आगामी 9 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा।

कॉमरेड रानीपाल ने भी बैठक में कहा कि यूनियन इस भर्ती प्रक्रिया के खिलाफ जिले और प्रदेश स्तर पर हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अवैध भर्ती को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कुसुम तिवारी ने बैठक में सीडीपीओ के भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार इस भ्रष्टाचार को खत्म करने में असमर्थ रही है, और अब एजुकेटर भर्ती के जरिए भ्रष्टाचार को और बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।

बैठक में शामिल अन्य प्रमुख सदस्यों जैसे राधाकुमारी, सुनीता देवी, गिरिजावती मौर्या, ममता कश्यप, ननका देवी, पुष्पा आर्या, सुषमा, रामावती, अशोककुमारी, रेशम सिंह, मालती देवी, चंदा, गुड़िया देवी, संगीता देवी, जगपता, मुन्नी सिंह, नीरजा शुक्ला, मंजुलता यादव, सुशीला देवी, मीना तिवारी, प्रमिला पांडेय, सुनीला देवी, मिथलेश निर्मला देवी आदि ने भी अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

 

**आगामी आंदोलन की बनी तैयारी**

कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मीनाक्षी खरे ने कहा आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने 9 सितंबर को होने वाले ज्ञापन सौंपने की योजना को लेकर रणनीति बनाई। यूनियन के सदस्यों ने एकजुट होकर कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसमें धरना-प्रदर्शन, और बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन शामिल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *