पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय गोण्डा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखाया जलवा
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय गोण्डा के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय की श्रद्धा मौर्या (कक्षा 7) ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अदिति लागुरी (कक्षा 9) ने क्विज़ प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। खुशी विश्वकर्मा ने चित्रकला प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय गोण्डा की टीम ने दूसरा स्थान अर्जित किया।
इन उपलब्धियों के लिए रविवार को पार्वती अरगा पक्षी विहार, गोंडा में विश्व आद्रभूमि दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धा मौर्या और अदिति लागुरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही विद्यालय की नुक्कड़ नाटक टीम को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस गौरवशाली उपलब्धि से विद्यालय परिवार बेहद उत्साहित और गर्वित महसूस कर रहा है।
इस विशेष अवसर पर वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन एवं विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के कीर्तिवर्धन सिंह, उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री एवं गोंडा के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन, एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार के अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार केपी मलिक, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, कर्नलगंज विधायक अजय कुमार सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह ‘मंजू’, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, डीजी फारेस्ट सुशील कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन अनिल कुमार, मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण लाल सुशील, डीआईजी अमित पाठक, डीएम नेहा शर्मा, एसपी विनीत जायसवाल और सीडीओ अंकिता जैन समेत केंद्र एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और ईको-टूरिज्म में रुचि रखने वाले विशेषज्ञ उपस्थित रहे। विद्यालय के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर केंद्रीय विद्यालय संगठन वाराणसी संभाग के उपायुक्त अजय मिश्र ने प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उनके प्रेरक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।