छात्र राजनीति की कोख से जन्मे हैं देश के महान नेता – सूरज सिंह
समाजवादी छात्र सभा गोण्डा संगठन का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा: समाजवादी छात्र सभा गोण्डा संगठन का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम पूर्व मंत्री पंडित सिंह के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने की, जिन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल एक कागज़ का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने पर ही उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार का गठन हो सकेगा।
सपा नेता सूरज सिंह ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर छात्रों से धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 2 करोड़ नौकरियों का वादा करने वाली भाजपा ने ग्रेजुएट छात्रों को पकौड़े तलवाने का काम दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर छात्र संघों की बहाली कराई जाएगी और छात्रों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। सिंह ने कहा कि छात्र राजनीति की नर्सरी ने इस देश में कई महान नेताओं को जन्म दिया है, और यह परंपरा जारी रहनी चाहिए।
आयोजनकर्ता जिलाध्यक्ष छात्र सभा सिद्धार्थ सिंह ने सभी पदाधिकारियों से संघर्ष के इस मार्ग में साथ देने की अपील की। कार्यक्रम को विनोद श्रीवास्तव, शिव सम्पत सिंह, देवेंद्र सिंह, जयचंद सिंह, दीपू यादव, संजय साहू, मेराज अहमद, विवेक सिंह, करन सरदार, विवेक मिश्र, राघवेंद्र, नीरज, शिवनाथ सिंह, नरेंद्र यादव, अल्तमश आदर्श पुष्कर समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों की उत्साही भागीदारी रही, और उन्होंने समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का संकल्प लिया।



