**भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर किया गया माल्यार्पण, हुआ गोष्ठी का आयोजन**
*प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित गोष्ठी में उनके योगदान को याद किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत न केवल उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री थे, बल्कि उन्होंने देश के गृहमंत्री के रूप में भी अहम भूमिका निभाई। हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में उनके सतत प्रयासों का उल्लेख करते हुए मिश्रा ने उनके योगदान की सराहना की।
जिला प्रवक्ता शिव कुमार दुबे ने पंत जी के कृषि क्षेत्र में किए गए योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में किसानों के लिए की गई योजनाओं ने कृषि उत्पादन में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करने और कृषि क्षेत्र को उन्नत बनाने में विशेष भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अरुण कुमार गौतम, विनय प्रकाश त्रिपाठी, सुभाष चंद्र पांडे, शाहिद अली कुरेशी, चांद खान, धर्मराज सिंह, मोहम्मद सलीम कुरैशी, विकास मनोहर श्रीवास्तव, अरविंद शुक्ला, जानकी देवी, विनोद सिंह, टी एन फारुकी, तैयब सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



