उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ गोण्डा की आवश्यक बैठक संपन्न
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :

गोण्डा। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष किरन सिंह की अध्यक्षता में कंपोजिट विद्यालय महराजगंज, नगर क्षेत्र गोण्डा में आयोजित की गई। बैठक में प्रान्तीय संयुक्त मंत्री विजय प्रकाश त्रिपाठी और मंडल अध्यक्ष परवेज अकरम की विशेष उपस्थिति रही।

बैठक का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यसूची (एजेंडा) के तहत किया गया, जिसमें संगठन को मजबूती प्रदान करने और शिक्षकों की समस्याओं पर गहन चर्चा हुई। मुख्य बिंदुओं में ब्लॉकों से अधिक से अधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने, सदस्यता अभियान को पूर्ण करने, क्षेत्रीय इकाइयों के चुनाव कराने, जीपीएफ पासबुक को ऑनलाइन करने, चयन वेतनमान और सांगठनिक अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया।

जिलाध्यक्ष किरन सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सभी पदाधिकारियों की सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना आवश्यक है ताकि उनका शीघ्र समाधान हो सके। इसके साथ ही, उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन और कार्यों की समयबद्धता पर भी बल दिया।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुधाकर मिश्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार, जिला संयुक्त मंत्रीगण उमेश कुमार श्रीवास्तव, कवींद्र मिश्र, राम गोपाल गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष छपिया आनंद शंकर त्रिपाठी, ब्लॉक मंत्री मुजेहना नीलम शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और सशक्त बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए और आगामी कार्यों की रूपरेखा तैयार की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *