विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
शास्त्री डिग्री कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के विज्ञान संकाय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांस्कृतिक निदेशक, डॉ. रेखा शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव और पर्यावरण, दोनों का स्वास्थ्य आपस में जुड़े हुए हैं और हमें इन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव ने सभी शिक्षकों और छात्रों का स्वागत करते हुए की और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। अपने उद्बोधन में डॉ. रेखा शर्मा ने मानव और प्रकृति के बीच के संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रकृति की सहनशीलता की सीमा अब समाप्त हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. रेखा शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण के स्वास्थ्य को संरक्षित करने के लिए अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे उसी प्रकार संरक्षण और पोषण दें, जैसे वे अपनी मां का सम्मान करते हैं। इस अवसर पर छात्रों ने पर्यावरण स्वास्थ्य पर अपने विचार व्यक्त किए और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाई।
कार्यक्रम का समापन डॉ. शैलजा सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस आयोजन में डॉ. संजय कुमार, डॉ. स्मृति शिशिर, डॉ. प्रतिभा सिंह, ड्रिंकल यादव, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, और मीडिया प्रभारी प्रोफेसर शिव शरण शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।



