राजस्व विभाग और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक ने चलाया संयुक्त कर्ज वसूली अभियान
जेल जाने के डर से कई बकायेदारों की बढ़ी धड़कने, मौके पर जमा की कर्ज राशि
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
राजस्व विभाग और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक ने एकजुट होकर कर्ज वसूली के लिए सख्त कदम उठाए हैं। करनैलगंज तहसील के राजस्व अधिकारियों और बैंक के अधिकारियों ने मिलकर कटरा बाजार शाखा के अंतर्गत क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कर्ज वसूली अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य बकायेदारों से बकाया कर्ज की वसूली करना और आर्थिक अनुशासन स्थापित करना था।
कर्ज वसूली अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार संतोष यादव और प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक अनुज कुमार मांगलिक ने किया। उनके साथ बैंक के अन्य प्रमुख अधिकारी, प्रबंधक सौरभ कुमार अमरनानी, सहायक प्रबंधक नितीश कुमार और अभिषेक श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। इस अभियान में राजस्व विभाग के अमीन सुनील तिवारी और अमित कुमार ने भी सहयोग दिया।
बैंक की सख्त कार्रवाई से बकायेदारों की बढ़ी धड़कनें
अभियान के दौरान बकायेदारों पर कड़ी कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि बकाया कर्ज राशि जमा न करने वालों के खिलाफ वसूली की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भी भेजा जा सकता है। इस सख्ती से क्षेत्र के बकायेदारों में भय का माहौल बन गया।
कई बकायेदारों ने मौके पर जमा की कर्ज राशि
जेल जाने के डर और अधिकारियों की सख्ती को देखते हुए मौके पर ही कई बकायेदारों ने अपनी बकाया कर्ज राशि जमा कर दी। इसके अलावा, कुछ बकायेदारों ने जल्द ही अपनी राशि जमा करने का आश्वासन दिया।
सामाजिक और आर्थिक अनुशासन पर बैंक अफ़सरों ने दिया जोर
बैंक अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल कर्ज वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य क्षेत्र में आर्थिक अनुशासन और वित्तीय जिम्मेदारी का माहौल बनाना है। इस प्रकार की कार्रवाई से न केवल बैंक का बकाया वसूल हो रहा है, बल्कि अन्य बकायेदारों को भी समय पर कर्ज चुकाने की प्रेरणा मिल रही है। क्षेत्रीय लोगों ने भी इस कर्ज वसूली अभियान को बैंक का सकारात्मक कदम बताया, कहा कि इससे वित्तीय अनुशासन को बढावा मिलेगा।
गोंडा से विशेष रिपोर्ट।



