अमित शाह की टिप्पणी पर भड़की सपा, किया प्रदर्शन और सौंपा ज्ञापन
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News :
गोंडा। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन की अगुवाई में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
इस दौरान अंबेडकर चौराहे पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने अमित शाह की टिप्पणी को अशोभनीय करार देते हुए कहा कि यह बाबा साहब के प्रति असम्मानजनक है। पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने कहा कि यह टिप्पणी पिछड़े, दलित, वंचित और शोषित जनमानस को गहरा आघात पहुंचाती है।
जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने इसे भाजपा की संविधान विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया। प्रदर्शन को संबोधित करने वालों में पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला, रमेश गौतम, पूर्व विधान परिषद सदस्य महफूज खान, सपा नेता सूरज सिंह, संजय विद्यार्थी, मसूद आलम खान, विनोद श्रीवास्तव, राजेश दीक्षित, सरफराज हुसैन उर्फ सोनू, और बलराम यादव प्रमुख थे।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी और संविधान व समाज के शोषित वर्गों के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।



