बालगृह में बालिकाओं को विधिक जानकारी, आत्मरक्षा और सुरक्षा उपायों की दी गई सीख
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News
गोण्डा। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को पोर्टरगंज स्थित बालगृह (बालिका) में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें आवासित बालिकाओं को विधिक अधिकार, कानूनी सहायता और आत्मरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को 1090, 181, 1098, 112, 102 और 108 जैसे टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और इनके महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही आत्मरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय समझाए गए।
डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि महिला एवं बालिकाओं को कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे विपरीत परिस्थितियों में अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकें। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया।
जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
प्रशिक्षक सुधा तिवारी ने भी बालिकाओं से संवाद करते हुए उपयोगी जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर चीफ कोऑर्डिनेटर उपेन्द्र श्रीवास्तव, अधीक्षिकाएं अर्चना श्रीवास्तव एवं सपना श्रीवास्तव, प्रशिक्षक सुधा श्रीवास्तव, अध्यापिकाएं दामिनी जोशी व ऋचा सिंह, पराविधिक स्वयंसेवक रंजना देवी, केयरटेकर रूबी पाण्डेय व सरस्वती, बाल कल्याण अधिकारी सोहनलाल, वालंटियर मानसी श्रीवास्तव एवं तान्या श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



