निपुण भारत मिशन: लखनऊ में हर्षापुर विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार उपाध्याय हुए सम्मानित
प्रदीप मिश्रा, प्रमुख संवाददाता
Gonda News

लखनऊ, 14 दिसंबर 2024 – निपुण भारत मिशन में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्राथमिक विद्यालय हर्षापुर, विकास खंड बेलसर के प्रधानाध्यापक पवन कुमार उपाध्याय को बेसिक शिक्षा मंत्री के कर कमलों से मरकरी हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने पवन कुमार उपाध्याय के योगदान की सराहना करते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे अभिनव प्रयासों की प्रशंसा की।

समारोह में अपर राज्य परियोजना निदेशक एकता सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक पवन कुमार उपाध्याय को न केवल उनके नेतृत्व के लिए बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विशेष प्रयासों के लिए भी सराहा गया।
हर्षापुर विद्यालय के शैक्षिक प्रयासों और उपलब्धियों के लिए यह सम्मान न केवल स्कूल बल्कि पूरे विकास खंड बेलसर के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय में पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में मुमताज राव और जयप्रकाश ओझा के समन्वित प्रयासों ने जिले को प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया।
प्रधानाध्यापक को इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों में खंड शिक्षा अधिकारी राम खेलावन सिंह, एआरपी सत्यव्रत वर्मा, पुष्कर तिवारी, और अनिल कुमार मिश्र प्रमुख थे। उन्होंने इस सफलता को बेलसर के शैक्षिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।
निपुण भारत मिशन के तहत विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और नवाचार के लिए हर्षापुर विद्यालय की भूमिका सराहनीय रही है। विद्यालय ने छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष योजनाओं और संसाधनों का कुशलतापूर्वक उपयोग किया है।
यह सम्मान न केवल पवन कुमार उपाध्याय और उनकी टीम की मेहनत को दर्शाती है, बल्कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों का प्रतीक भी है। यह प्रेरणा अन्य शिक्षकों और विद्यालयों के लिए भी एक मार्गदर्शन करने वाली साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *